गुना: शहर की पॉश भार्गव कॉलोनी में मंगलवार सुबह दिन-दहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश बाइक सवार तीन बदमाशों ने घर के बाहर काम कर रही एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से करीब ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और पलक झपकते ही फरार हो गए।
पीड़ित महिला प्रेमा किरार सुबह करीब 7:30 बजे मुख्य दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थीं। इसी बीच बाइक सवार तीन लुटेरे उनके करीब पहुंचे और गले पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए इस हमले से सहमी महिला ने शोर मचाया और बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों पर झाड़ू फेंककर भी मारी। लेकिन सुबह का वक्त होने के कारण सड़क सूनी थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाश तंग गलियों से रफूचक्कर हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर जब कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो बदमाशों की शातिर प्लानिंग उजागर हुई। वारदात से ठीक पहले उनका एक साथी पैदल घूमकर इलाके की रैकी कर रहा था। जैसे ही उसने महिला को अकेला देखा, उसने अपने बाइक सवार साथियों को इशारा कर वारदात को अंजाम दिलवा दिया। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर हुलिए और गाड़ी के नंबर को ट्रेस कर रही है।
