सिंगरौली:मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के संबंध में कथित रूप से की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में युवा कांग्रेस सिंगरौली ने बुधवार शाम सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रयुक्त शब्दावली पर आपत्ति जताते हुए उनके लिए सद्बुद्धि की कामना की।
युवा कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जीतू पटवारी द्वारा जारी वीडियो संदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला दहन और उग्र विरोध प्रदर्शन से दूर रहने की अपील की गई थी। इसी क्रम में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के निर्देशों का पालन करते हुए सिंगरौली में किसी प्रकार का पुतला दहन नहीं किया गया। इसके स्थान पर शांतिपूर्ण तरीके से सद्बुद्धि यज्ञ आयोजित कर विरोध दर्ज कराया गया।
जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंगरौली विधानसभा अध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह चंदेल ने की, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी ब्लॉक अध्यक्ष नवानगर कुन्दन पाण्डेय ने निभाई। इस दौरान विधानसभा महासचिव कमलनारायण सिंह, वैढ़न ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रबली शर्मा, हिरवाह ब्लॉक अध्यक्ष निवेश पाण्डेय, किशोर सिंह, अंशुल सिंह चंदेल, ब्लॉक उपाध्यक्ष आयुष सिंह मोनू, सुधांशु पाण्डेय, राघवेंद्र सिंह, प्रदीप बिंद, आलोक सिंह, अशोक शाह, नित्यानंद वैश्य, पुष्पराज सेन और अमित कुशवाहा सहित युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं विंध्य क्षेत्र संगठन प्रभारी अभिषेक परमार के निर्देशों का भी उल्लेख किया गया।
