361 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरा शेष भारत लड़खड़ाया

नागपुर, 04 अक्टूबर (वार्ता) अंशुल कम्बोज (चार विकेट), सारांश जैन, मानव सुथार और गुरनूर बरार (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर शेष भारत ने शनिवार को विदर्भ को दूसरी पारी में 94.1 ओवर में 232 रन के स्कोर पर समेट दिया। 361 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरे शेष भारत ने स्टंप के समय 12 ओवर में 30 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये हैं।
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरे शेष भारत की शुरुआत खराब रही और उसने चौथे ओवर मे आर्यन जुयाल (छह) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। उन्हें आदित्य ठाकरे ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद सातवें ओवर में हर्ष दुबे ने अभिमन्यु ईश्वरन (17) को आउटकर विदर्भ को दूसरी सफलता दिलाई। चौथे दिन का खेल समाप्त होने के समय शेष भारत ने दो विकेट पर 30 रन बना लिये और उसे अभी जीत के लिए 331 रनों की आवश्यकता है। कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद दो) और इशान किशन (नाबाद पांच) क्रीज पर मौजूद है।
इससे पहले विदर्भ ने कल दो विकेट पर 92 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में अंशुल कम्बाेज ने दानिश मालेवर(16) को आउटकर शेष भारत को तीसरी सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने यश राठौड़ (पांच), ध्रुव शौरी (27) और कप्तान अक्षय वड़कर (36) को अपना शिकार बनाया। 56वें ओवर में गुरनूर बरार ने हर्ष दुबे (29) को आउट किया। पार्थ रेखड़े दो रन बना कर आउट हुये । विदर्भ का नौवां विकेट यश ठाकुर (13) के रूप में गिरा। सारांश जैन ने 95वें ओवर की पहली गेंद पर दर्शन नालकंडे (35) को आउट कर विदर्भ की दूसरी पारी का 232 के स्कोर पर अंत कर दिया। इसी के साथ विदर्भ ने कुल 360 रनों की बढ़त बना ली।
शेष भारत के लिए अंशुल कम्बोज ने चार विकेट लिये। सारांश जैन, मानव सुथार और गुरनूर बरार को दो-दो विकेट मिले।

Next Post

अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र और पेफी ने ऐतिहासिक एमओयू पर हस्ताक्षर किए

Sat Oct 4 , 2025
नयी दिल्ली, 04 अक्टूबर (वार्ता) भारत में पैरा खेलों की उत्कृष्टता और समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण […]

You May Like