ससुराल में मारपीट से तनाव में आए युवक ने खाया जहर, मौत; परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

गुना: बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बोहरागिर्द निवासी 28 वर्षीय युवक आमीन खान ने अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आमीन के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मारपीट और प्रताड़ना को आत्महत्या का कारण बताया है। मंगलवार को गुना पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोहरागिर्द निवासी आमीन खान सोमवार को अपनी पत्नी को लेने के लिए पड़ोसी जिले अशोकनगर के ग्राम फौजीखेड़ी गया हुआ था। परिजनों का दावा है कि वहां किसी बात को लेकर आमीन का उसके ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि ससुराल वालों ने आमीन के साथ जमकर मारपीट कर दी।
परिजनों ने बताया कि ससुराल में हुई मारपीट और अपमान से आमीन गहरे मानसिक तनाव में आ गया था। इसी तनाव के चलते उसने घर लौटकर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया।बताया गया है कि मृतक आमीन खान का विवाह लगभग 8 वर्ष पूर्व हुआ था। उनका एक बच्चा भी है। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।

मंगलवार को गुना पुलिस की मौजूदगी में जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अशोकनगर के संबंधित थाना क्षेत्र से भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

Next Post

भारत का 10 वर्षीय सेमीकंडक्टर रोडमैप: चिप निर्माण में आत्मनिर्भरता की ओर कदम, 2035 तक वैश्विक हब बनने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित

Tue Jun 2 , 2026
नई दिल्ली | नीति आयोग ने भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने के उद्देश्य से 10 वर्षीय रोडमैप “फ्यूचर ऑफ इंडियाज सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री” जारी किया है। यह रणनीतिक योजना भारत को विदेशी निर्भरता से मुक्त करने और 2035 तक वैश्विक चिप सप्लाई चेन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर केंद्रित […]

You May Like