भोपाल। संगठित संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्वालियर जिले की इंदरगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूने मकान में सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 87 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है, जिसमें 200 ग्राम सोना, 50 ग्राम सोने की चूड़ियां, 12.5 किलोग्राम चांदी तथा एक आई-20 कार शामिल है।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और संगठित चोरी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले पुलिस एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर गिरोह के कथित सरगना तथा चोरी का माल खरीदने वाले एक सर्राफा कारोबारी को गिरफ्तार कर चुकी है। इस प्रकरण में अब तक 94 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
मामले की शुरुआत 5 मई को हुई थी, जब इंदरगंज क्षेत्र के एक निवासी ने अपने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सतत निगरानी के आधार पर आरोपियों का पता लगाया।
जांच के दौरान पुलिस ने पनिहार टोल प्लाजा के आगे जंगल क्षेत्र में जमीन में छिपाकर रखे गए चोरी के अतिरिक्त सामान भी बरामद किए। पुलिस चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
