पिछले 7 साल से धूल फांक रहे करोड़ों के स्मार्ट टॉयलेट

सतना: स्वच्छता को बढ़ावा देने और शहर को आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से तत्कालीन नगर निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल के कार्यकाल में स्वच्छ भारत अभियान के तहत बड़ी उम्मीदों के साथ शहर के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर और ऑटोमेटिक टॉयलेट मंगाए गए थे।दावा किया गया था कि इन टॉयलेट्स की स्थापना शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर की जाएगी ताकि आम नागरिकों, यात्रियों और व्यापारियों को स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालय सुविधा उपलब्ध हो सके।

लेकिन विडंबना यह है कि करीब सात वर्ष बीत जाने के बाद भी ये टॉयलेट आज तक उपयोग में नहीं आ सके और नगर निगम की निष्क्रियता के कारण महज शोपीस बनकर रह गए हैं।जानकारी के अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन के तहत राजस्थान से आधा दर्जन से अधिक प्री-फैब्रिकेटेड स्टील बॉडी वाले स्मार्ट टॉयलेट मंगाए गए थे। उस समय इन्हें शहर की आधुनिक पहचान के रूप में प्रस्तुत किया गया था। इन टॉयलेट्स की खासियत यह थी कि ये पूरी तरह ऑटोमेटिक सिस्टम पर आधारित थे। उपयोगकर्ता को प्रवेश के लिए पांच रुपये का सिक्का डालना था, जिसके बाद दरवाजा स्वतः खुल जाता। अंदर मॉड्यूलर फिटिंग, आधुनिक सीटें, पानी की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं उपलब्ध थीं। टॉयलेट के ऊपरी हिस्से में पानी की टंकी भी लगाई गई थी, जिससे इसे स्वतंत्र रूप से संचालित किया जा सके।

पड़े पड़े हो रहे कबाड़
नगर निगम द्वारा उस समय दावा किया गया था कि इन टॉयलेट्स को खेरमाई रोड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र सहित अन्य सार्वजनिक स्थानो पर लगाया जाएगा, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। लेकिन 7 वर्ष बाद भी न तो इन टॉयलेट्स का इंस्टॉलेशन हो पाया और न ही इन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया। बताया गया कि लंबे समय तक अनुपयोगी पड़े रहने से मॉड्यूलर टॉयलेट्स की मशीनरी और फिटिंग्स खराब हो सकती हैं। लेकिन आज जन के टैक्स के पैसे से करोड़ों की राशि खर्च करने के बाद अब उसे कबाड़ बनने के लिए छोड़ दिया गया है।

Next Post

झांसा देकर नाबालिग को भगाने वाला गिरफ्तार

Mon Jun 1 , 2026
भैरूंदा। पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बालिका को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद कर लिया है. पुलिस के अनुसार 14 मई को एक व्यक्ति ने थाना भैरूंदा में शिकायत दर्ज […]

You May Like