उलान बतोर, 14 अगस्त (वार्ता) मंगोलियाई पुलिस ने हाल ही में कुछ वाहनों से 168 जंगली गिलहारियां ( मर्मोटस) बरामद की हैं। देश के पारिस्थितिकी पुलिस विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक बयान में कहा, “ये मर्मोटस राजधानी उलान बतोर जा रहे वाहनों से बरामद किये गये और उन्हें आगे जांच के लिए देश के राष्ट्रीय जूनोटिक रोग केंद्र में भेज दिया गया है।”
विदित हो कि मंगोलिया में मर्मोटस का शिकार करना गैरकानूनी है, लेकिन कई मंगोलियाई लोग इस कानून की अनदेखी करते हैं और इसे एक स्वादिष्ट व्यंजन मानते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार,ये मर्मोटस प्लेग फैलाने में सक्षम होते हैं। देश के राष्ट्रीय जूनोटिक रोग केंद्र के अनुसार, मंगोलिया के 21 प्रांतों में से 17 अब ब्यूबोनिक प्लेग के खतरे में हैं। ब्यूबोनिक प्लेग एक जीवाणुजनित रोग है, जो मर्मोटस जैसे जंगली रोडेंट पर रहने वाले पिस्सुओं से फैलता है। यदि समय पर उपचार न मिले, तो यह 24 घंटे से भी कम समय में एक वयस्क की मौत हो सकती है।

