
इटारसी। ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन भोपाल के संभागीय उड़न दस्ते और स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने आइसक्रीम फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के तहत नावेल्टी फ्रोजेन फूड्स रैसलपुर और सरिता आइसक्रीम नर्मदापुरम की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस शर्तों में अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों फैक्ट्रियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। दल ने नावेल्टी फ्रोजेन फूड्स से आइसक्रीम, आइस कैंडी, साइट्रिक एसिड और मिल्क पाउडर सहित 07 नमूने तथा सरिता आइसक्रीम से ओरेंज लॉली, नारियल बूरा और वेजिटेबल फैट आदि के 05 नमूने, कुल 12 नमूने जांच के लिए लिए हैं। सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
