
सिंगरौली। जिले की जनपद पंचायत चितरंगी की ग्राम पंचायत खटाई में पिछले 16 महीनों में 10 बार सचिव बदले जा चुके हैं, जिससे पंचायत का विकास पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया है। सरपंच हिरामन देवी साहू ने बताया कि बार-बार सचिव बदले जाने के कारण योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण सचिवों की अदला-बदली की जा रही है। 28 जुलाई को प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके के अनुमोदन से भगवान सिंह का तबादला खटाई से कोरसर कोठार किया गया था, लेकिन तीन दिन में आदेश निरस्त कर पुनः खटाई भेजने की चर्चा ने विवाद खड़ा कर दिया है। सरपंच ने बताया कि भगवान सिंह पहले भी सात वर्षों तक सचिव रहे और उस दौरान लाखों की अनियमितताएं हुईं। उनका दोबारा पदस्थापन ग्रामीणों के आक्रोश का कारण बन रहा है। वहीं मुख्यमंत्री द्वारा 17 जून से प्रदेश में तबादलों पर रोक के बावजूद खटाई पंचायत में तबादला नीति की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ पर सवाल उठाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। पंचायत में राजनीतिक दखल ने विकास कार्यों को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
