सतना: मैहर जिले रामनगर क्षेत्र अंतर्गत कन्दवारी गांव में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब विद्यालय के चपरासी का शव जंगल में पाया गया। वे पिछले दो दिनों से लापता थे और परिजनों द्वारा गुमशुदगी की शिकायत की गई थी। शव मिलने के बाद पुलिस द्वारा जांच शुरु कर दी गई है।मैहर में रामनगर थाना क्षेत्र के कंदवारी गांव से एक स्कूल चपरासी की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय संतोष रावत के रूप में हुई है।
संतोष रावत 12 अगस्त को स्कूल ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह लापता हो गए। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 13 और 14 अगस्त की रात को कंदवारी गांव के पास जंगल में उनका शव मिला। शव मुख्य मार्ग से करीब 100 मीटर अंदर था। शव के पास घसीटने के निशान मिले हैं। इससे हत्या की आशंका प्रबल हो गई है।
कार्रवाई की मांग
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अमरपाटन सिविल अस्पताल भेज दिया। जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं ग्रामीण हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
