
सारनी। 70% रोजगार स्थानीय युवाओं को देने के निर्देश, निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण,सारनी क्षेत्र के औद्योगिक विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए क्षेत्रीय विधायक ने सारनी में निर्माणाधीन नई विद्युत इकाई के विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक ने मेन प्लांट एरिया, बैचिंग प्लांट, बीएचईएल स्टोर यार्ड, साइट ऑफिस, आवासीय कॉलोनी तथा मछली कांटा बायपास रोड सहित परियोजना से जुड़े प्रमुख स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के बाद आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में विधायक ने परियोजना प्रबंधन एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि नई यूनिट से उत्पन्न होने वाले कुल रोजगारों में कम से कम 70 प्रतिशत अवसर स्थानीय युवाओं और क्षेत्रवासियों को दिए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना का वास्तविक उद्देश्य केवल औद्योगिक विस्तार नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है।
विधायक ने स्थानीय कुशल एवं अकुशल श्रमिकों को उनकी योग्यता के अनुसार प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ने से पलायन रुकेगा और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।विधायक के इस स्पष्ट और सकारात्मक रुख से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं तथा आम नागरिकों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि स्थानीय रोजगार को प्राथमिकता मिलने से सारनी के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के युवाओं के लिए भविष्य के नए अवसर खुलेंगे।
इस अवसर पर सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के मुख्य अभियंता एस.के. लिल्होरे, एस.एन. सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, जिला महामंत्री कमलेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोलू राजपूत, विधायक प्रतिनिधि जगदीश आहुजा सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बीएचईएल, महारेल और बीबीजी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लेकर परियोजना की प्रगति की जानकारी दी।
