इंदौर: चंदन नगर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर दो बड़ी चोरियों का खुलासा किया है. आरोपी के कब्जे से 28 हजार 620 रुपए नकद सहित करीब 3 लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. आरोपी ने आइस डिपो और सिंहासा स्थित राम मंदिर में चोरी की वारदातें कबूल की हैं.पुलिस के अनुसार, रेवा बाग में रहने वाले 32 वर्षीय अंकित मालवीय को गिरफ्तार किया गया है.
आरोपी ने बुधवार 27 मई की रात कालू आइस डिपो, सिरपुर स्थित कार्यालय में सेंध लगाकर गल्ले में रखी नकदी चोरी की थी. इस मामले में चंदन नगर थाने में केस दर्ज किया गया था. मामले की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया. तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेही अंकित मालवीय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने नशे की लत के चलते चोरी करना स्वीकार किया. उसके कब्जे से चोरी की गई राशि में से शेष 28 हजार 620 रुपए नकद बरामद किए.
सिंहासा राम मंदिर से चुराए भगवान के 3 लाख के जेवर बरामद
पूछताछ में आरोपी ने करीब तीन माह पूर्व ग्राम सिंहासा स्थित राम मंदिर में भी चोरी करना कबूल किया. उसने मंदिर का ताला तोड़कर भगवान के चांदी के मुकुट, बांसुरी, कलश, चेन, पायजेब सहित सोने के मंगलसूत्र चोरी किए थे. इस संबंध में थाना चंदन नगर में मामला पहले से दर्ज था. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मंदिर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है. बरामद सामान में 5 चांदी के मुकुट, 7 चांदी की चेन, 1 चांदी की बांसुरी, 1 कंदौरा, 1 कलश, 3 जोड़ी कड़े, 4 जोड़ी पायजेब और 3 सोने के मंगलसूत्र शामिल हैं. जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य करीब 3 लाख रुपए है.
चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना
थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि पुलिस अब आरोपी के पिछले दो वर्षों के आपराधिक रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही है. उससे अन्य चोरी व गृहभेदन की घटनाओं के संबंध में पूछताछ जारी है, जिससे और खुलासों की संभावना है. आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों वारदातों का खुलासा किया है, उससे अन्य मामलों में पूछताछ जारी है.
