छापीहेड़ा। जिले भर में आवारा कुत्तो का काफी आतंक है, आये दिन कुत्तो के काटने की गंभीर घटनाएं हो रही है, इसी क्रम में छापीहेड़ा नगर में तीन आवारा कुत्तो ने एक 21 माह की मासूम बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया.
जानकारी के अनुसार बच्ची गुरुवार की शाम 4 बजे करीब रामपुरिया बालाजी मंदिर के पीछे रिश्तेदार के यहां मकान के समीप खेल रही थी, तभी वहां तीन आवारा कुत्ते आये और एकाएक बच्ची पर हमला कर दिया. ये खूंखार कुत्ते बच्ची को समीप खेत में घसीटते हुए ले गए. बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने दौडक़र उसे कुत्तो से छुड़ाया तथा बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टर द्वारा बच्ची का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे शाजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां पर बच्ची का ईलाज जारी है. परिजनों के अनुसार भव्या पिता सूरज कुशवाह निवासी रामपुरिया बालाजी मंदिर के पीछे मकान के पास खेल रही थी. तभी कुत्तो के झुंड ने हमला कर दिया. बच्ची के चेहरे, मुंह एवं सिर और आंख के आसपास गंभीर चोंटे आई है.
पूर्व में भी हो चुकी है घटनाएं
इसके पूर्व भी नगर में कुत्तो के काटने की घटनाएं हो चुकी है. नागरिकों के अनुसार इससे पहले भी कुत्तो ने एक बच्ची और एक महिला पर हमला कर दिया था. बावजूद इसके प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में भय का वातावरण व्याप्त है. बच्चों के अकेले बाहर खेलना तक बंद हो चला है.
कई बार शिकायतों के बावजूद नहीं दे रहे ध्यान
नागरिकों का कहना है कि आवारा कुत्तो की समस्या को लेकर नगर पंचायत में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इस तरह की घटना से एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है. क्षेत्र में आवारा कुत्तो की संख्या दिनों दिन बढऩे से े बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है.
एक माह पूर्व खिलचीपुर में हुई थी घटना
जिले में कई जगहों पर कुत्तो का आतंक बना हुआ है जो कि राह चलते राहगीरों, छोटे बच्चों पर हमला कर देते है. कुत्तो के द्वारा छोटे बच्चों एवं राहगीरों पर एकाएक हमले करने की घटनाएं पूर्व में कई जगह हो चुकी है. खिलचीपुर संवाददाता के अनुसार करीब एक माह पूर्व खिलचीपुर स्थित सोमवारिया में एक मासूम बालक पर कुत्तो ने हमला कर दिया था. अपने भाई पर हमला होते देख समीप मौजूद बहन ने साहस दिखाते हुए कुत्तो को खदेड़ दिया था.
आवारा कुत्तो को लेकर शिकायतें कार्यालय में प्राप्त हो रही है, नगरीय क्षेत्र से आवारा कुत्तो को अन्यत्र करने आदेशित कर दिया गया है, जल्द ही आवारा कुत्तो को नगर से बाहर किया जाएगा.
हरिओम शर्मा
प्रभारी सीएमओ
नगर पंचायत छापीहेड़ा
