
सीधी। थाना कुसमी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए किराना दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कुसमी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस के अनुसार दिनांक 29 मई 2026 को थाना कुसमी पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम टमसार निवासी एक व्यक्ति अपनी किराना दुकान में भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना प्राप्त होते ही थाना कुसमी पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित कर ग्राम टमसार पहुंचकर संबंधित किराना दुकान पर दबिश दी गई। पुलिस टीम द्वारा दुकान की तलाशी लेने पर वहां से 10 खाकी रंग के कार्टूनों में रखी देशी एवं अंग्रेजी अवैध शराब बरामद की गई। जप्त शराब की कुल मात्रा 79.94 लीटर तथा अनुमानित कीमत 61,297 रूपये पाई गई। मौके से आरोपी कैलाश जायसवाल पिता हरप्रसाद जायसवाल उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम टमसार, थाना कुसमी, जिला सीधी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया।
घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई तथा आगे की वैधानिक कार्यवाही थाना कुसमी द्वारा की जा रही है। उक्त कार्यवाही में सउनि प्रदीप सिंह, प्रधान आरक्षक कमलेश प्रजापति, आरक्षक शिवराम वैस एवं आरक्षक शुभम सिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। सीधी पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार प्रभावी कार्यवाही जारी है एवं इस प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
