
जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट के नजदीक गदेरी में एक निर्माणाधीन मकान में खुदाई के दौरान 12 किलोग्राम वजनी का जिंदा विशाल सैन्य बम मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बम मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला।
खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि डुमना एयरपोर्ट के पास स्थित ग्राम गदेरी में सुनील यादव के एक प्लॉट पर मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। नींव के लिए जब मजदूर जमीन की खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी के नीचे एक भारी और संदिग्ध धातु की वस्तु दिखाई दी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह एक विशाल सैन्य बम है। मौके पर पहुंची बम स्क्वॉड की टीम ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह एक यूएक्सओ जिंदा बम है। इस घातक बम की मारक क्षमता करीब 50 मीटर के दायरे तक है। यदि खुदाई के दौरान इस पर कोई भारी चोट लगती या यह अनजाने में ब्लास्ट हो जाता, तो भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था। बम काफी पुराना है और लंबे समय से जमीन के नीचे दबा हुआ था। फिलहाल पुलिस और बम स्क्वॉड ने पूरे निर्माण स्थल को सील कर दिया है। बम को सुरक्षित तरीके से डिस्पोज करने की तैयारी की जा रही है ताकि किसी भी तरह के खतरे को टाला जा सके।
