
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत ग्राम खमदेही में पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने युवक की हत्या करने की नीयत से तीन राउंड फायर किए, जिसमें से एक गोली युवक के पेट में जा लगी। घायल को गंभीर हालत में शासकीय अस्पताल पाटन में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खमदेही निवासी देवेन्द्र रैकवार (31) का करीब 6 महीने पहले गांव के ही छोटेलाल चौधरी से किसी बात पर विवाद हुआ था। छोटेलाल गांव के रामनारायण पटेल के यहाँ काम करता था। इस विवाद के बाद रामनारायण पटेल ने देवेन्द्र के साथ झगड़ा किया था और तभी से वह देवेन्द्र से रंजिश रखते हुए देख लेने की धमकी दे रहा था। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे देवेन्द्र रैकवार गांव के सामुदायिक भवन में तराई करने गया था। उसे अकेला देखकर आरोपी रामनारायण पटेल वहाँ पहुँचा कहा, तेरे बहुत भाव बढ़ गए हैं इसके बाद उसने अपने पास रखी पिस्टल निकाली और देवेन्द्र की हत्या करने की नीयत से सीधे फायर कर दिया। गोली देवेन्द्र के पेट में दाहिनी तरफ लगी। गोली लगने के बाद देवेन्द्र जान बचाने के लिए वहाँ से भागा। भागते समय रामनारायण ने उस पर दो और हवाई फायर किए, लेकिन वे उसे नहीं लगे। घायल देवेन्द्र भागकर गाँव के ही खेरमाई मंदिर के पास पहुँचा। वहाँ से उसने अपने साथी धीरज यादव और सुरेन्द्र लोधी को फोन कर आपबीती बताई। सूचना मिलते ही धीरज यादव मोटरसाइकिल लेकर मौके पर पहुँचा और घायल देवेन्द्र को बैठाकर खमदेही चौराहा रोड़ तक लाया, जहाँ से उसे अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
