धार में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़: गंधवानी पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों दबोचा, भारी मात्रा में सामान जब्त

धार। धार जिले में अवैध हथियारों के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गंधवानी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गंधवानी के समीप बारिया गांव में चल रही एक मिनी अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में हथियार और उन्हें बनाने की सामग्री जब्त कर मौके से एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से ग्राम बारिया की ब्लॉक कॉलोनी में अवैध हथियार निर्माण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम को पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी रोहित (25) पुत्र भजनसिंह बरनाला को उसके घर के पीछे अवैध रूप से देसी पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बनाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया।

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए थाना प्रभारी खन्ना ने बताया कि आरोपी के कब्जे से अवैध देसी कट्टे और पिस्टल बनाने वाले उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक देसी पिस्टल (मय मैगजीन), तीन जिंदा कारतूस और एक अतिरिक्त मैगजीन, निर्माण सामग्री में 21 बैरल कवर, 23 बैरल नली, 11 पिस्टल सांचे, चार मैगजीन सांचे, पिस्टल स्प्रिंग, स्क्रू और एक लोहे का सांचा ठिया को जब्त किया है। साथ ही दो ग्राइंडर मशीन, 22 ग्राइंडर पत्तियां, एक पंखा, तीन हथौड़ी, दो संडासी, एक आरी, छह रेती, दो छेनी, तीन छोटे सुवा, सात सुरक्षा चश्मे और एक बोर नापने का माप भी मौके से बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपी रोहित के खिलाफ शस्त्र अधिनिमय की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

थाना प्रभारी खन्ना ने कहा कि क्षेत्र में अवैध हथियार बनाने और बेचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी रोहित से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह ये हथियार किन-किन लोगों को हथियार भेजने वाला था।

Next Post

प्रत्येक नागरिक तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाने के लिए कर रही युद्धस्तर पर कार्य कर रही है सरकार : रेखा गुप्ता

Sat May 30 , 2026
नयी दिल्ली, 30 मई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार राजधानी के प्रत्येक नागरिक तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। श्रीमती गुप्ता ने आज यहां मुख्यमंत्री सेवा सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राजधानी में उत्पन्न […]

You May Like