सतना : आम आदमी की कमर तोड़ रही महंगाई के बीच जनता को एक और तगड़ा झटका लगा है। पिछले महज 10 दिनों के भीतर यह चौथी बड़ी वृद्धि है, जिसने आम उपभोक्ता को संभलने का मौका भी नहीं दिया। आज सुबह पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद अब पेट्रोल ₹118 के पार और डीजल ₹101 रुपए प्रति लीटर हो गया.
आंकड़ों पर नजर डालें तो इस महीने में यह जनता की जेब पर लगा चौथा बड़ा झटका है, जिससे हर वर्ग में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।देश का अधिकांश लॉजिस्टिक नेटवर्क डीजल पर निर्भर है, इसलिए ट्रांसपोर्टर्स का खर्च बढ़ने के कारण आने वाले दो से तीन दिनों में सब्जियां, फल, दूध, दवाइयां और राशन सहित रोजमर्रा की सभी जरूरी चीजों के दाम बढ़ना तय है।
व्यापारियों का कहना है कि जब मंडियों तक माल पहुँचाने का भाड़ा ही बढ़ जाएगा, तो खुदरा बाजार में कीमतें बढ़ना स्वाभाविक है। इसके कारण आने वाले दिनों में आम आदमी की थाली और महंगी होने वाली है, जिससे मध्यम वर्ग के सामने अपने सीमित वेतन में घर चलाना एक बड़ी चुनौती बन जाएगा।
लगातार हो रही इस बेतहाशा बढ़ोतरी से मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों के घर का मासिक बजट पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। स्थिति यह हो गई है कि लोग अब बहुत जरूरी होने पर ही निजी गाड़ियां सड़कों पर निकाल रहे हैं, लोग अब सार्वजनिक परिवहन या दोपहिया वाहनों का सहारा लेने को मजबूर हैं। इसके साथ ही, ईंधन का यह संकट सिर्फ पेट्रोल-डीजल तक सीमित नहीं है कंपनियों ने पिछले दिनों सीएनजी के दामों में भी 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी।
स्थानीय सार्वजनिक परिवहन का किराया भी बढ़ने की पूरी आशंका है, जिसका सीधा और सबसे गहरा असर रोजाना कॉलेज जाने वाले छात्रों और कम आय वाले नौकरीपेशा लोगों की जेब पर पड़ेगा।
महंगाई इन दिनों पहले से बोझ बनी हुई है इसके बाद लगातार डीजल पेट्रोल की बढ़ती क़ीमते हम जैसे आम जनता के लिए एक बड़ी आर्थिक समस्या है सरकार को इस पर विचार करना चाहिए ताकि आम जानता को राहत मिल सके
कमलेश उर्मलिया
पेट्रोल डीजल की बढ़ती क़ीमते सीधे तौर पर बाजार को प्रभावित करती हैं क्योंकि की डीज़ल बढ़ने से परिवहन खर्च बढ़ेगा और परिवहन ख़र्च बढ़ने से बाहर से आने वाले सामान की क़ीमतों में वृद्धि होगी।
जितेंद्र गर्ग
व्यवसायी
हमारी सैलरी नहीं बढ़ रही, लेकिन ईंधन के दाम हर दूसरे दिन बढ़ रहे हैं।
मध्यम वर्ग के लिए अब अपनी निजी गाड़ी चलाना एक सपना बन जाएगा
दीपक तिवारी
हमारी सैलरी साल में एक बार मुश्किल से 5 से 10 परसेंट बढ़ती है, लेकिन पेट्रोल के दाम 10 दिन में चार बार बढ़ जाते हैं।
युवाओं के लिए सर्वाइव करना मुश्किल हो रहा है. ईंधन की कीमतों को नियंत्रित करना चाहिए।
शुभ शर्मा
