रीवा:अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारी चल रही है. 13 वां दीक्षांत समारोह 17 दिसम्बर को होगा और उपाधि धारक सफेद कुर्ता पायजामा और पीली पगड़ी पहन कर उपाधि ग्रहण करेगे.विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उपाधि धारको और अधिकारियों के साथ कार्य परिषद सदस्यों के लिये ड्रेस कोड़ जारी किया है. महिलाओ के लिये सफेद साड़ी का प्रावधान किया गया है, इतना ही नही अलग-अलग वर्गो के उपाधि धारको और मेडल प्राप्त करने वालो के उत्तरीय का रंग अलग निर्धारित किया गया है.
विश्वविद्यालय द्वारा जारी डे्रस कोड़ के अनुसार उपाधि धारक सफेद कुर्ता पायजामा, पीली पगड़ी, गोल्डन ब्राउन जैकेट में रहेगे. छात्राओं के लिये भी यही ड्रेस कोड़ है. हालाकि जो साड़ी पहनना चाहेगी उनके लिये सफेद रंग की साड़ी निर्धारित है. पगड़ी और जैकेट का रंग सबका एक जैसा रहेगा. विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारी को अंतिम रूप दिये जाने की कवायत चल रही है. 1 दिसम्बर से पंजीयन शुरू हो जायेगा.
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल के साथ उच्च शिक्षा मंत्री का आगमन प्रस्तावित है. जबकि मुख्य वक्ता के नाम की घोषणा अभी नही हुई है. विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. सुरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि 1 से 7 दिसम्बर के बीच पंजीयन होगा. 1 हजार रूपये उपाधि शुल्क और पांच सौ रूपये पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है. डिलिट डीएससी, पीएचडी प्राप्त तथा सत्र 2024-25 में स्नातकोत्तर परीक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं पंजीयन करा कर कार्यक्रम में शामिल होने अनुमति प्राप्त कर सकेगी. कार्यक्रम की तैयारी जोर-शोर से चल रही है.
