रीवा: रीवा-सीधी मार्ग पर बीती रात एक बेहद हृदयविदारक और भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है।गुढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गहरी पकरा के समीप सीमेंट से लदा एक तेज रफ्तार बल्कर अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गया।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के तत्काल बाद पूरे बल्कर में भीषण आग लग गई।इस हादसे में वाहन चालक को संभलने या बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और उसकी मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमेंट लोडेड बल्कर वाहन क्रमांक MP 19 HA 6094 बरिगवां से सीमेंट लोड करके बिड़ला सतना की ओर जा रहा था।रात के लगभग 2:00 बजे जैसे ही वाहन पकरा गांव के समीप पहुंचा,चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सीधे सड़क किनारे स्थित एक विशाल आम के पेड़ से जा टकराया।टक्कर लगते ही बल्कर पलट गया और उसमें शॉर्ट सर्किट या ईंधन रिसाव के कारण चंद सेकेंडों में ही विकराल आग भड़क उठी।
राहगीरों की सूचना पर तत्काल पहुंची डायल 112 और पुलिस टीम
देर रात मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने जब धधकते हुए बल्कर को देखा तो उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल गुढ़ थाना पुलिस एवं आपातकालीन सेवा डायल 112 को इसकी सूचना दी।सूचना प्राप्त होते ही गुढ़ थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक सुरेश साकेत अपनी टीम के साथ अत्यंत तत्परता दिखाते हुए फौरन मौके पर पहुंचे।पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने और बचाव कार्य शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि चालक को बचाया नहीं जा सका।पुलिस द्वारा की गई शुरुआती शिनाख्त और जांच में मृतक चालक की पहचान हो चुकी है।
मृतक ब्रिजेश गौतम पिता का नाम छोटेराम गौतम उम्र लगभग 36 वर्ष निवासी ग्राम सतौहरी धनहा जिला सीधीगुढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।थाना पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
