माइकल जैक्सन की मौत ने तोड़ दिया था राम गोपाल वर्मा का दिल, भावुक पोस्ट में बयां किया अपना दर्द

राम गोपाल वर्मा ने माइकल जैक्सन को याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कहा कि माइकल की मौत की खबर ने उन्हें तोड़ दिया था और वे आज भी उन्हें भगवान की तरह मानते हैं।

फिल्म निर्माता निर्देशक राम गोपाल वर्मा अक्सर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दुनिया-जहान के विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखते नजर आते हैं। इस बीच उन्होंने लेटेस्ट पोस्ट में चौंकाने वाला खुलासा किया। राम गोपाल ने बताया कि वह दिवंगत अमेरिकी सिंगर-डांसर माइकल जैक्सन से नफरत करते हैं। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर माइकल जैक्सन को लेकर एक बेहद भावुक और मार्मिक पोस्ट लिखा है। पोस्ट की शुरुआत उन्होंने मुझे माइकल से नफरत है शब्दों से की।

उन्होंने लिखा कि माइकल जैक्सन की कोई भी फिल्म देखने के बाद मेरी यादें 25 जून 2009 के उस भयानक दिन पर लौट आती हैं। उस रात मैं देर से सोया था। सुबह उठकर जब मैने टीवी स्क्रीन पर देखा तो न्यूज चल रही था, जिस पर लिखा था कि माइकल जैक्सन नहीं रहे। थोड़ी देर तक तो मुझे लगा कि यह बुरा सपना है। लेकिन खबरें लगातार चल रही थीं और यह सच था।

थ्रिलर वीडियो ने बदल दी थी सोच
साथ ही, उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग के दिनों की यादें भी शेयर करते हुए बताया कि 2 जनवरी 1984 को विजयवाड़ा में एक दोस्त उन्हें एक छोटे अंधेरे वीडियो पार्लर ले गया, जहां उन्होंने माइकल जैक्सन का थ्रिलर वीडियो देखा। उन्होंने लिखा कि वह महज गाना या डांस नहीं था, बल्कि एक हमला था। माइकल का डांस, एनर्जी और स्क्रीन पर मौजूदगी अलौकिक लगी। वे हवा में तैरते थे। मैं सोचता था कि यह इंसान नहीं, ईश्वर है। बीट इट, बिली जीन, स्मूथ क्रिमिनल, ब्लैक ऑर व्हाइट जैसे वीडियोज बाइबिल की तरह रहे। मेरे फिल्म निर्माण के दौरान भी माइकल के वीडियो हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहे।

माइकल जैक्सन की मौत ने तोड़ दिया था दिल
राम गोपाल वर्मा ने लिखा कि विवादों ने उन्हें कभी प्रभावित नहीं किया। उनके लिए माइकल एक गुरुत्वाकर्षण बल थे। लेकिन उनकी मौत ने उन्हें बहुत दुख पहुंचाया। उन्होंने कहा कि मैं उनसे नफरत करता हूं क्योंकि उन्होंने साबित कर दिया कि वे भी इंसान थे। उन्हें भी ऑक्सीजन और खून की जरूरत थी। उनका दिल भी रुक सकता था। फिर भी माइकल जैक्सन के प्रति सम्मान जताते हुए उन्होंने लिखा कि मैं उनसे इतना प्यार करता हूं कि शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मैं मानता हूं कि माइकल अब आकाशगंगाओं में मूनवॉक कर रहे होंगे।

 

 

Next Post

अक्षय कुमार को भोजपुरी फिल्मों का ऑफर, अक्षरा बोलीं- हमारे यहां आइए जलवा दिखाइए

Sat May 23 , 2026
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए अक्षय कुमार के साथ काम करने की इच्छा जाहिर की। बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार की एक्टिंग के दीवाने देश ही नहीं दुनिया तक फैले हुए है। अक्षय कुमार की एक्टिंग और पॉपुलैरिटी के कारण आज […]

You May Like

Play sound