जबलपुर। एक्ट्रेस एवं मॉडल ट्विशा शर्मा मृत्यु प्रकरण में आरोपी पति समर्थ सिंह को पुलिस ने जबलपुर से हिरासत में लेकर भोपाल रवाना कर दिया है। वहीं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार समर्थ सिंह जबलपुर जिला अदालत में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बताया गया है कि उसकी पहचान छिपाने के लिए अदालत परिसर में उसके कपड़े भी बदलवाए गए। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा के अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि समर्थ जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में मास्क लगाकर बैठा हुआ था।
उच्च न्यायालय ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश देते हुए कहा है कि दिल्ली एम्स के निदेशक के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम भोपाल एम्स में पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। अदालत ने तब तक शव सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
इधर, मध्यप्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को सहमति पत्र भेज दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व में ट्विशा के परिजनों को जांच का आश्वासन दिया था।
मामले में राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय में आवेदन दायर कर ट्विशा की सास एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को दी गई अग्रिम जमानत निरस्त करने की मांग भी की है। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने प्रकरण को डिवीजन बेंच को संदर्भित कर दिया। अगली सुनवाई 25 मई को निर्धारित की गई है।
समर्थ सिंह के अधिवक्ता जयदीप कौरव ने बताया कि समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली गई है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में दोबारा पोस्टमॉर्टम, जमानत निरस्तीकरण और अग्रिम जमानत से संबंधित मामले एक साथ लगाए गए थे।
वही महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने अदालत के समक्ष यह पक्ष रखा है कि सशर्त अग्रिम जमानत के कारण जांच प्रभावित हो सकती है और साक्ष्यों पर असर पड़ने की आशंका है।
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया कि समर्थ सिंह पूर्व में मध्यप्रदेश सरकार में लीगल एडवाइजर रह चुका है और वह मामले को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कटारा हिल्स थाना प्रभारी को हटाने की मांग भी दोहराई।
