
जबलपुर। गुरूवार देर शाम को खमरिया गुरूद्वारे के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक के चालक ने बाइक सवार युवक को जबर्दस्त टक्कर मार दी जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार गोकलपुर निवासी शेरोन स्वर्णिल चौधरी (पिता उदयराम) नामक युवक बाइक से घर लौट रहा था। वह जैसे ही खमरिया गुरुद्वारा के पास पहुंचा तभी दूसरी तरफ से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर अधिक खून गिरने की वजह से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाते हुए प्रकरण जांच में लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने नवभारत को बताया कि मिनी ट्रक का चालक बहुत तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था जिसके कारण ये दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई है। उधर हादसे में मृत युवक के परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है युवक दुबई जाने की तैयारी में जुटा था उसके पहले वह हादसे का शिकार हो गया।
