मुंबई | स्टार प्लस के लोकप्रिय शो ‘अनुपमा’ में इन दिनों रिश्तों और सिद्धांतों के बीच जबरदस्त खींचतान देखने को मिल रही है। हालिया एपिसोड में अनुपमा ने अपने उसूलों पर चलते हुए प्रेम के रेस्टोरेंट की रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी, जिसके बाद वहां ताला लग गया है। इस फैसले से प्रेम पूरी तरह टूट गया है और उसने राही के सामने अपना दर्द बयां करते हुए खुद को नाकाम घोषित कर दिया है। अनुपमा के इस कदम ने कोठारी हाउस में तूफान ला दिया है, जहां प्रेम ने उसे साफ शब्दों में कह दिया है कि उसकी मेहनत बर्बाद करने के लिए अनुपमा ही जिम्मेदार है।
प्रेरणा का खतरनाक फैसला और क्राइम ट्विस्ट
कहानी में नया मोड़ तब आता है जब प्रेम को टूटता देख प्रेरणा भावनाओं में बहकर एक ऐसा कदम उठाने का फैसला करती है जो कानून की नजर में अपराध है। प्रेरणा ने ठान लिया है कि वह प्रेम के रेस्टोरेंट को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाएगी, चाहे उसे कानून ही क्यों न हाथ में लेना पड़े। प्रेरणा का यह आत्मघाती फैसला शो में एक नया ‘क्राइम एंगल’ जोड़ने वाला है, जो कोठारी परिवार की पूरी जिंदगी बदल कर रख देगा। वहीं दूसरी ओर, गौतम लगातार प्रेम के कान भर रहा है और इस पूरी बर्बादी का असली मास्टरमाइंड अनुपमा और राही को बता रहा है।
दिग्विजय के सामने आया अतीत का सच
इसी हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच दिग्विजय के सामने अनुपमा का बरसों पुराना ‘जोशी बेन’ वाला सच उजागर हो गया है। एक फूड कॉम्पिटिशन के दौरान अनुपमा की असली पहचान जानने के बाद भी दिग्विजय ने उससे अपनी बेटी का कैफे फिर से शुरू करने में मदद मांगी है। अनुपमा ने भी बिना किसी हिचकिचाहट के मदद का हाथ बढ़ा दिया है, जिससे कहानी अब एक नई दिशा में मुड़ती नजर आ रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अनुपमा की यह नई शुरुआत प्रेम और प्रेरणा की गलतियों की भरपाई कर पाएगी या मामला और बिगड़ेगा।

