भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किसान हित में बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश में गेहूं उपार्जन की अवधि बढ़ाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राज्य सरकार ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 मई 2026 कर दी है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और यह निर्णय उन किसानों को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है, जो विभिन्न कारणों से अब तक अपनी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाए थे।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।सरकार के इस फैसले से विशेष रूप से उन किसानों को लाभ मिलेगा, जिनकी फसल की कटाई और परिवहन कार्य देर से पूरा हुआ है। अब किसानों को अतिरिक्त समय मिलने से वे आसानी से खरीदी केंद्रों पर पहुंचकर अपनी उपज बेच सकेंगे।
प्रदेश में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य बड़े स्तर पर जारी है। राज्य सरकार द्वारा खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसानों को तौल, भुगतान और परिवहन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खरीदी अवधि बढ़ने से गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया और अधिक सुचारू रूप से पूरी हो सकेगी तथा किसानों को आर्थिक रूप से भी राहत मिलेगी।
