
इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र में गुमशुदा हुए युवक का मामला महज 48 घंटे में सुलझाते हुए पुलिस ने उसे सकुशल दस्तयाब कर लिया. जांच में सामने आया कि युवक का अपहरण उसके दो परिचितों ने ही पैसों के विवाद में किया था. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.सोमवार 18 मई को महफूज पिता जाकिर हुसैन उम्र 19 साल निवासी राजा कॉलोनी चंदन नगर, शहीद पेट्रोल पंप के पास से अचानक लापता हो गया था. परिजनों की सूचना पर खजराना थाने में की थी. मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई और तलाश शुरू की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर युवक को सकुशल बरामद कर लिया. डीसीपी जोन-2 अमन सिंह राठौर ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि महफूज को उसके ही परिचित और बिजनेस पार्टनर मेहफूज पिता मेहमूद खान उम्र 37 साल निवासी माणिकबाग और फिरोज पिता मेहबूब खान उम्र 35 साल निवासी ग्राम मुंडला कला, थाना मंडी, जिला सीहोर अपने साथ ले गए थे. दोनों ने बकरे खरीदने के दौरान हुए पैसों के लेन देन के विवाद के चलते उसे बंधक बनाया था. मामले में फरियादी की शिकायत पर खजराना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की फिर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया.
