सीहोर। बुधवार को जिले के केमिस्ट हड़ताल पर रहेंगे. केमिस्ट 700 मेडिकल स्टोर बंद रखेंगे. संघ नकली दवाइयों और ऑनलाईन दवा ब्रिक्री पर भी आक्रोश जता रहा है.
केमिस्ट्स एसोसिएशन ने प्रशासन को पहले ही अवगत करा दिया है. दवा विक्रेता संघ जिलाध्यक्ष उमेश शर्मा, सचिव नरेश वर्मा कोषाध्यक्ष दिपक पाटीदार के नेतृत्व में यह हड़ताल की जा रही है. दवा विक्रेताओं का कहना है कि हड़ताल के अलावा कोई विकल्प नहीं है. सरकार सुनने को तैयार नहीं है. ऑनलाईन प्लेटफार्म पर बिना जांच दवाईयां बेची जा रही है यह दवाईयां लोगों के जीवन के लिए घातक है. विदेशी कॉरपोरेट्स द्वारा भारी डिस्कॉउंट दवाईयों पर दिया जा रहा है. छोटे केमिस्टों का कारोबार प्रभावित हो रहा है. नकली दवाइयों से जनता को नुकसान हो रहा है. मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलबाड़ हो रहा है. इन सब मांगों को लेकर जिले भर के केमिस्ट अपने मेडिकल स्टोर बंद रखकर हड़ताल करेंगे.
इन संस्थानों से ले सकेंगे दवाएं
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के औषधि निरीक्षक किरण मघरे ने बताया कि हड़ताल के दौरान जिले के सभी प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों, सभी प्राइवेट अस्पतालों के मेडिकल स्टोर्स, सरकारी अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित फार्मेसी सहित सभी मेडप्लस एवं दवा इंडिया फार्मेसी सस्थानों पर दवाओं की आपूर्ति की जाएगी. नागरिक इन संस्थानों पर जाकर दवाएं प्राप्त कर सकते हैं.
