भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देश पर मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पिछले दो दिनों में विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक कीमत के अवैध मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए हैं।
अनूपपुर जिले के रामनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फुलवारीटोला मार्ग पर नाकाबंदी कर एक संदिग्ध वाहन को रोका। चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन पेड़ से टकरा गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कार से 225 किलो 740 ग्राम गांजा बरामद किया। गांजा और कार सहित करीब 1 करोड़ 13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना पुलिस ने भांगी पिपलिया-चौथखेड़ी रोड पर कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 402 किलो डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर डोडाचूरा, स्कॉर्पियो-एन वाहन और मोबाइल फोन सहित 33 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की।
नीमच जिले में जावद-नयागांव रोड स्थित ढाबा माता पुलिया के पास पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर 1 किलो 784 ग्राम अफीम और एक स्विफ्ट कार जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 8.92 लाख रुपये बताई गई है।
इधर, भोपाल क्राइम ब्रांच ने गोविंदपुरा स्थित आरआरएल ब्रिज के पास कार्रवाई करते हुए 21 किलो डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
