इंदौर: पुलिस परिवार के बच्चों के लिए 20 से 30 मई तक जीआरपी पुलिस लाइन में निःशुल्क समर कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसमें आत्मरक्षा, सीपीआर और रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा.पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा पुलिस परिवार के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए 10 दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है.
यह कैंप 20 मई से 30 मई तक जीआरपी पुलिस लाइन, हब्सी बिचौली रोड पर आयोजित होगा. कैंप में बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सेल्फ डिफेंस का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. साथ ही आर्ट एंड क्राफ्ट, सोप मेकिंग और कैंडल मेकिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनकी प्रतिभा को निखारा जाएगा. आपात स्थिति से निपटने के लिए बच्चों को सीपीआर यानी प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.
रविवार को कराई जाएगी गौशाला विजिट
प्रशिक्षण के अलावा रविवार को गौशाला विजिट कराई जाएगी, जिससे बच्चों में प्रकृति और पशु पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो सके. कैंप के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डेंटल चेकअप शिविर भी लगाया जाएगा. आयोजकों के अनुसार यह समर कैंप बच्चों के मानसिक, शारीरिक और रचनात्मक विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया है. इसमें पुलिस परिवार के बच्चे उत्साह के साथ भाग लेंगे.
