
भोपाल। मप्र भाजपा के प्रवक्ता डॉ हितेश बाजपेई ने भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद पार्टी की कार्यप्रणाली और संगठनात्मक व्यवस्था की जमकर सराहना की। प्रशिक्षण शिविर में प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा को अद्भुत संगठन बताया।
डॉ बाजपेई ने अपनी पोस्ट में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के नियमित प्रशिक्षण और उनके आंकलन की व्यवस्थित प्रक्रिया अपनाती है। साथ ही निगम-मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्तियों से पहले भी प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के विभागीय कार्यों का नियमित मूल्यांकन किया जाता है तथा नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर भी संगठन लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन और सरकार में नए दायित्वों का निर्धारण, मंत्रियों और पदाधिकारियों का नियमित रूप से कार्यालय में बैठकर समस्याओं का निराकरण करना तथा जनता से संवाद बनाए रखना भाजपा की कार्यशैली का हिस्सा है। इसके अलावा प्रदेश और जिला स्तर पर कोर समितियों की नियमित बैठकें होती हैं और प्रत्येक बुधवार को पदाधिकारियों एवं प्रभारियों की बैठक आयोजित की जाती है।
डॉ बाजपेई ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि कांग्रेस भाजपा की कार्यप्रणाली का 10 प्रतिशत भी अपना ले तो वह अपनी आधी सीटें बचाने में सफल हो सकती है।
