दिनभर में कई बार लग रहा है जाम
जबलपुर:नगर के गोरखपुर बाजार एवं शंकराचार्य चौराहे पर अक्सर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। प्रशासन द्वारा जनता को जाम से निजात दिलाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे है। दो और चार पहिया वाहनों की आवाजाही मुख्य बाजार में अधिक होने से अक्सर जाम की स्थिति बन रही है। यहां खरीदी करने आए अधिवक्ता सचिन गुप्ता का कहना है कि शंकराचार्य चौराहे से लेकर गोरखपुर मुख्य बाजार तक अक्सर जाम की स्थिति बनती रहती है। यहां 15 मिनट से लेकर आधे घंटे तक का दिनभर में कई बार जाम लगता है। इससे निपटने के लिए प्रशासन को संयुक्त रूप से कोई ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
अराजक हालात
गोरखपुर बाजार में लगने वाले जाम से हालात अराजक हो चुके हैं। यहां तक कि एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है, इसके बावजूद अधिकारी इसमें गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। राहगीर संजू चौबे का कहना है कि बाजार में आने वाले ग्राहक अपने दो और चार पहिया वाहन सड़को पर खड़े कर देते है। जो जाम लगने का प्रमुख कारण बन जाते है।
