कुरवाई: कस्बा कुरवाई की सर्वधर्म कॉलोनी में एक माह पहले ही आकर रहने वाली एक महिला गुलबानो बी उम्र 22 साल पत्नी मुसाफ खा शुक्रवार को सुबह मृत अवस्था में पाई गई है. वहीं उसका पति मुसाफ खा मौके से गायब है.मामले में पुलिस थाना कुरवाई को महिला के मायके पक्ष के लोगों के द्वारा दी गई सूचना के बाद टीआई पंकज गीते के द्वारा घटनास्थल का अवलोकन किया गया.
पुलिस ने एफएसएल टीम को विशेष जांच हेतु बुलाया है. मृतक की मां तथा बहन ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि गुलबानो गर्भवती थी, उसका पति मुसाफखा कुरवाई में ड्राइवर का काम करता था. आज सुबह जब गुलबानो का फोन नहीं लगा तो, माएके पक्ष के लोग जो कुरवाई में ही रहते हैं. गुलवानों का पता करने उसके घर पहुंचे, घर का बाहर से ताला लगा हुआ था.
शंका होने पर मोहल्ले वालों के सामने मायके पक्ष के लोगों ने ताला तोड़कर अंदर देखा तो, गुलबानो के गले में दुपट्टा का फंदा लगा हुआ था. वह बैठी हुई अवस्था में थी. उसका पूरा शरीर ठंडा पड़ चुका था, उसकी हत्या की गई थी. घटना की सूचना पुलिस थाना कुरवाई को दी गई, मामले में पुलिस गहराई से जांच कर रही है, पूछताछ जारी है. बताया जा रहा है घटना के बाद से ही महिला का पति मुसाफ खा गायब है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
