
भोपाल। मौलाना बरकतुल्लाह भोपाली एजुकेशन सोसायटी के तत्वावधान में गांधी नगर स्थित मस्जिद अबूबकर, बरकतुल्लाह पब्लिक स्कूल परिसर में खत्म कुरान के अवसर पर भव्य रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तरावीह अदा कर रहे नमाज़ी, रोज़ेदार और आसपास के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन संस्थापक अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून के मार्गदर्शन में हुआ। इस मौके पर देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई। उलमा-ए-कराम ने रमज़ान को आत्मसंयम, सब्र और इंसानियत की ट्रेनिंग का महीना बताया। सोसायटी द्वारा रमज़ान में राशन किट वितरण, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, महिलाओं के रोजगार और ईद की तैयारियों में सहयोग जैसे जनकल्याणकारी कार्य भी किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सोसायटी की टीम ने रोज़ेदारों की खिदमत अंजाम दी।
