![]()
छिंदवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा अंडरब्रिज के नीचे रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बीच सड़क पर जन्मदिन मनाना और रील बनाना कुछ युवाओं को भारी पड़ गया। सूचना मिलते पुलिस ने सड़क पर स्कार्पियो खड़ी कर हुड़दंग कर रहे युवक-युवतियों पर कार्रवाई की। पुलिस सभी युवकों को उनके वाहनों सहित थाने लेकर आई। जहां देर रात परिजनों को बुलाकर सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया। जानकार अनुसार देर रात को कुछ युवक-युवतियां गाडिय़ां लेकर इमलीखेड़ा अंडरब्रिज पहुंचे थे। यहां बीच सड़क पर स्कार्पियो और अन्य वाहन खड़े कर केक काटने व आतिशबाजी की जा रही थी। एक युवती सोशल मीडिया के लिए गाड़ी के सामने खड़ी होकर रील बनवा रही थी। इसी दौरान मौके पर पुलिस के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। युवतियां मुंह छिपाकर यहां वहां भागने लगी। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी युवक युवतियों को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें गाडिय़ों के साथ कोतवाली थाने ले गई।
परिजनों को थाने बुलाकर दी गई सख्त चेतावनी थाने ले जाने के बाद पुलिस ने रात में ही सभी युवक-युवतियों को सड़क पर इस तरह का हुड़दंग न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस की समझाइश और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की हिदायत के बाद ही उन्हें घर जाने दिया गया।
रील के दौरान हादसों को न्योता०००००००
इन दिनों सड़क पर जन्मदिन मनाने और रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। बीच सड़क पर वाहन खड़े कर वीडियो शूट करने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का अंदेषा बना रहता है। पुलिस ऐसे मामलों को लेकर पूरी तरह सख्त है और लगातार कार्रवाई कर रही है।
