बनखेड़ी: राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ की सात दिवसीय किसान अधिकार यात्रा का सोमवार शाम बनखेड़ी मंडी परिसर में समापन हुआ। सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान मंडी प्रांगण में जुटे और सामूहिक रूप से तहसीलदार को जिला कलेक्टर के नाम 14 सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा।
मांगों में सभी फसलों की खरीदी सुनिश्चित करने, मूंग का बकाया भुगतान, ऑनलाइन बिल की व्यवस्था, बारिश में किसानों की उपज की सुरक्षा, डीएपी-यूरिया की कालाबाजारी पर रोक, कर्जमाफी, गौवंश की दुर्दशा सुधार, सड़कों व दूधी नदी डेम का निर्माण, बीमा की उचित राशि, भूमि अधिग्रहण बिल पर विचार, खेतों का सीमांकन, धान पंजीयन एवं नर्मदा तट पर नशा मुक्ति अभियान जैसी प्रमुख बातें शामिल रहीं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन मंत्री रविदत्त सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री गोपाल पाटीदार, प्रदेश महिला इकाई अध्यक्ष गीता मीना सहित कई पदाधिकारी एवं किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सात दिवसीय यात्रा में किसान नेता जितेंद्र भार्गव, शिवराज राजौरिया, नीरज पटेल, महेश उपाध्याय, शिवम रघुवंशी, सचिन शर्मा आदि का विशेष योगदान रहा।
