देशभर की संगीत मंडलियों को चूना लगाने वाले दतिया में पकड़े

दतिया। कोतवाली पुलिस ने 5 घंटे में एक शातिर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया पर संगीत मंडलियों से संपर्क कर उन्हें दतिया बुलाते थे, फिर रिहाइश के दौरान उनके महंगे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स से मदरबोर्ड और डिस्प्ले समेत कीमती पार्ट्स चुराकर फरार हो जाते थे।

यह खुलासा तब हुआ जब उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के रहने वाले सोनू अनुरागी नामक युवक ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसके म्यूजिकल उपकरणों से महंगे पार्ट्स चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल मनीष कुशवाह डबरा में छिपा है। उसे दबिश देकर पकड़ा गया और उसकी निशानदेही पर उसके दो साथी उदित वंशकार, निवासी शिक्षक कॉलोनी, डबरा, विनय व्यास निवासी नर्सरी के पास, डबरा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए उपकरणों के मदरबोर्ड, डिस्प्ले जिनकी कीमत लगभग 80 हजार और अन्य म्यूजिकल उपकरण मिलकर कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपए की बरामद की गई हैं।

टीआई धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपियों का तरीका बेहद शातिर था। सबसे पहले विनय व्यास सोशल मीडिया पर संगीत मंडलियों से संपर्क कर उन्हें दतिया में प्रोग्राम के लिए आमंत्रित करता। इसके बाद मनीष कुशवाह उन्हें रिसीव कर अपने घर पर ठहराता। रात में जब कलाकार आराम कर रहे होते, तब तीनों मिलकर म्यूजिकल उपकरणों के अहम पार्ट्स चोरी कर लेते।

Next Post

ग्वालियर में 1360 ग्रामीणों की हुई समग्र ई-केवायसी

Thu Jul 24 , 2025
ग्वालियर। जिले के चारों जनपदों में समग्र ई-केवायसी करने के लिये अभियान के रूप में कार्य किया जा रहा है। सभी जनपदों में कैम्प लगाकर सचिव एवं सहायक सचिव के साथ स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा ई-केवायसी करने का कार्य किया जा रहा है। जिले में चलाए जा रहे अभियान […]

You May Like