नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि गोवा में आप के सह प्रभारी दीपक सिंगला को इसलिए गिरफ्तार किया गया कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से इनकार किया है। श्री केजरीवाल ने कहा कि श्री सिंगला को इसलिए गिरफ्तार नहीं किया कि उन्होंने कोई गलत काम किया है बल्कि इसलिए गिरफ़्तार किया है क्योंकि वह भाजपा के ख़िलाफ काम कर रहे थे और भाजपा में शामिल होने से मना कर दिया।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा , “आज देश में नीट का पेपर लीक हो रहा है, पेट्रोल-डीज़ल और सीएनजी के दाम रोज़ बढ़ रहे हैं, रुपया डॉलर के सामने गिरता जा रहा , लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सिर्फ़ एक काम है – विपक्ष के नेताओं पर झूठे मामले लगाना और उन्हें गिरफ़्तार करना। ईडी ने “आप” नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार किया है क्योंकि वह गोवा में भाजपा के ख़िलाफ़ लड़ने वाला एक संगठन तैयार कर रहे थे। मेरा प्रधानमंत्री से कहना है कि आप चाहे हमारी पार्टी के कितने भी नेताओं को गिरफ़्तार करें, हम देश के हित के लिए काम करते रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ईडी का इस्तेमाल तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ किया था। चुनाव लड़ाने वाली एजेंसी ‘आई पैक’ में काम करने वाले लोगों को जेल भेज दिया गया और चुनाव से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस का सारा डाटा ईडी के माध्यम से चुरा लिया गया। जैसे ही चुनाव खत्म हुआ, वैसे ही उन सभी लोगों को जेल से रिहा कर दिया गया। सुश्री आतिशी ने कहा कि यहां गोवा में सिर्फ बड़े नेताओं पर ही नहीं, बल्कि कई आम कार्यकर्ताओं के घरों पर भी छापेमारी चल रही है। एक आम कार्यकर्ता या संगठन के प्रभारी पर यह छापेमारी सिर्फ और सिर्फ उनका चुनावी डाटा चुराने के लिए की जा रही है। ठीक वैसे ही, जैसे ईडी ने बंगाल में तृणमूल के साथ किया था। सारा डाटा चुराकर भाजपा को सौंप दिया, वही खेल आज गोवा में दोहराया जा रहा है। “आप” के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने एक्स पर कहा , “ईडी सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को अपने पर्सनल गुंडों की तरह इस्तेमाल करके प्रधानमंत्री विपक्ष के नेताओं को चुनाव जीतने से रोक सकते हैं। लेकिन देश की अर्थव्यव्स्था को, रुपए की गिरती इज्जत को नहीं संभाल सकते।” आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि श्री दीपक सिंगला के घर पर ईडी ने दिल्ली और गोवा में कई स्थानों पर छापेमारी की। ईडी, सीबीआई और एसीबी आप के नेताओं को लगातार परेशान कर रही है।

