नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की “मेट्रो मंडे” पहल को दिखावटी हथकंडा बताते हुए सोमवार को कहा कि इससे राजधानी की जनता की वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं होगा। श्री यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार प्रशासन, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के मोर्चे पर अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के प्रचार अभियान चला रही है। दिल्ली सरकार को फोटो खिंचवाने और इवेंट मैनेजमेंट की राजनीति छोड़कर आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है। महंगाई पहले ही लोगों की कमर तोड़ चुकी है और अब ईंधन की बढ़ी कीमतों ने स्थिति और कठिन बना दी है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री और उनके मंत्री नियमित रूप से मेट्रो से सफर करेंगे या यह केवल एक दिन की औपचारिकता है। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने के लिए मंत्री मेट्रो में यात्रा कर फोटो खिंचवा रहे हैं, जबकि उन्हें कार्यालयों में बैठकर दिल्ली की समस्याओं और विकास परियोजनाओं पर निर्णय लेने चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार भी पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार की तरह इवेंट मैनेजमेंट और प्रचार की राजनीति कर रही है। उन्होंने मांग की कि दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के विस्तार में तेजी लाई जाए और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के तहत बसों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सके। श्री यादव ने कहा कि दिल्ली में प्रतिदिन 65 से 71 लाख यात्री सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं, लेकिन डीटीसी बसों की भारी कमी के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस पार्टी दिल्ली के यात्रियों के हितों के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

