मऊगंज: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप शासन को आमजन के और अधिक निकट पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ.अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार जिले के चयनित ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा पात्र प्रकरणों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करेंगे. अभियान के तहत जनपद पंचायत मऊगंज की ग्राम पंचायत रतनगवां में प्रथम शिविर आयोजित किया गया. कलेक्टर संजय कुमार जैन के नेतृत्व में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए. शिविर में रतनगवां सहित नरैनी, अटरिया शिवप्रसाद, बमुरिहा इन्द्रदत्त, रतनगवां खांस, पकरा पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की गई. कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी पुलिस बस से शिविर स्थल पहुंचे. कलेक्टर ने शिविर के साथ-साथ गांव में भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद किया. ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग से गांव तक जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या बताते हुए अतिक्रमण हटाने तथा मार्ग के निर्माण की मांग रखी. कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण किया तथा सुधार के निर्देश दिये.
शिविर में 137 आवेदनों का मौके पर निराकरण
शिविर में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, जनसुनवाई, विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विभागवार सुनवाई की गई. शिविर में कुल 187 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 137 पात्र प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया. जनसुनवाई में पुराणिक चौबे निवासी ग्राम बेला प्रधान मंत्री आवास योजना में नाम जोड़े जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया जिस कलेक्टर ने सीईओ जनपद आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. दिलीप साकेत, राजकली साकेत, इसी प्रकार अमरनाथ साकेत एवं समस्त ग्राम वासी, ग्राम रतनगवां बस्ती में पेयजल एवं रास्ता निर्माण की मांग किया कलेक्टर ने संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए. जनसुनवाई में उमेश कुमार निवासी ग्राम बेला गरीबी रेखा नाम जोडऩे का आवेदन प्रस्तुत किया जिस पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार देवतालाब को आवश्यक निर्देश दिए.
