अब गाड़ी चलाना मुश्किल! भोपाल में पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ महिला कांग्रेस का धक्कामार आंदोलन

भोपाल। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राजधानी भोपाल में अनोखा प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नानके पेट्रोल पंप पर स्कूटी को धक्का लगाकर “धक्कामार आंदोलन” चलाया और केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से मध्यम वर्गीय परिवारों, महिलाओं, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यापारियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब आम लोगों के लिए वाहन चलाना भी मुश्किल होता जा रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए रीना बोरासी ने कहा कि सरकार ने जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि लोग पेट्रोल भरवाने की बजाय वाहन धक्का लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार मूल्य वृद्धि कर सरकार जनता की जेब पर डाका डाल रही है।

बोरासी ने पूर्व कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी के दौरान भी कांग्रेस सरकार ने अर्थव्यवस्था को संभालने का काम किया था, जबकि वर्तमान केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है।

Next Post

​देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: लाइसेंसधारी सिर्फ मोहरा, असली जिम्मेदारों को बेनकाब करे प्रशासन: कांग्रेस

Sat May 16 , 2026
देवास। टोंककला स्थित एबी रोड पर संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में कांग्रेस ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी ने इस घटना को “मानवता को झकझोर देने वाला हादसा” बताते हुए कहा कि पूरे मामले में पर्दे के पीछे छिपे […]

You May Like