इंदौर: राऊ पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जिसकी बिना नंबर की मोटरसाइकिल ने उसकी चोरी की करतूत उजागर कर दी. बाइक के दस्तावेजों का सत्यापन करते ही पता चला कि वह चोरी की है. इसके बाद हुई पूछताछ में आरोपी ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन और मोटरसाइकिलें चुराना कबूल कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपए बताई गई है.
वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक बिना नंबर की बजाज फ्रीडम मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया. संदेह होने पर उसे रोककर वाहन का सत्यापन किया तो पता चला कि मोटरसाइकिल राऊ थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी और इस संबंध में पहले से प्रकरण दर्ज है. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेश निवासी उमरिया झोबरा कॉलोनी, थाना किशनगंज बताया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने भंवरकुआं और सराफा थाना क्षेत्र से भी मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं. इनमें एक बाइक राऊ थाना क्षेत्र तथा तीन अन्य वाहन भंवरकुआं और सराफा थाना क्षेत्र से चोरी किए थे. पुलिस अब आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि उसने चोरी के वाहन बेचने के लिए कोई गिरोह बना रखा था या अकेले ही वारदातों को अंजाम देता था.
अन्य वारदातों के बारे में की जा रही पूछताछ
राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन और मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया. आरोपी के कब्जे से कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. उससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.
