वाशिंगटन, 11 मई (वार्ता) एमवी होंडियस क्रूज जहाज़ से स्वदेश लौटे 17 अमेरिकी नागरिकों में से कम से कम एक हंता वायरस से संक्रमित है। अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। अमेरिका के 17 नागरिकों और यहां रहने वाले एक ब्रिटिश नागरिक को हंता वायरस संक्रमण की आशंका के बीच सोमवार तड़के विशेष निगरानी और चिकित्सकीय मूल्यांकन के लिए नेब्रास्का लाया गया। ये सभी यात्री एमवी होंडियस क्रूज जहाज पर सवार थे, जहां एंडीज वैरिएंट हंता वायरस संक्रमण का प्रकोप सामने आया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, सामान्यतः कृन्तकों (रोडेंट्स) से फैलने वाला यह वायरस संभवतः जहाज पर मानव से मानव में भी फैला हो सकता है। अब तक जहाज से जुड़े तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य बीमार हैं।
विशेष विमान सोमवार सुबह स्थानीय समयानुसार तड़के 2:30 बजे ओमाहा स्थित एपली एयरफील्ड पहुंचा। इसमें 17 अमेरिकी नागरिक और एक ब्रिटिश नागरिक सवार था, जो अमेरिका में ही रहता है।
अमेरिका के स्वास्थ्य एवं मानव सेवा मंत्रालय (एचएचएस) ने रविवार देर रात बताया कि यात्रियों में से एक व्यक्ति की जांच में वायरस के लिए ‘हल्का पॉजिटिव’ परिणाम आया है, जबकि दूसरे यात्री में हल्के लक्षण पाये गये हैं। एहतियात के तौर पर दोनों को विमान में विशेष बायोकंटेनमेंट इकाई में रखा गया।
एचएचएस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि विभाग, रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर प्रभावित अमेरिकी नागरिकों की स्वदेश वापसी में सहयोग कर रहा है।
बयान के अनुसार यात्रियों को पहले ओमाहा स्थित नेब्रास्का मेडिकल केंद्र विश्वविद्यालय के स्थानीय ‘इमर्जिंग स्पेशल पैथोजन ट्रीटमेंट सेंटर’ ले जाया जाएगा। इसके बाद हल्के लक्षण वाले यात्री को अंतिम गंतव्य पर स्थित दूसरे विशेष उपचार केंद्र भेजा जाएगा। नेब्रास्का मेडिकल सेंटर ने बताया कि जिस यात्री की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उसमें फिलहाल कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन उसे सीधे बायोकंटेनमेंट इकाई में रखा जाएगा। अन्य यात्रियों को राष्ट्रीय क्वारंटीन इकाई में निगरानी और परीक्षण के लिए रखा जाएगा। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यूरोपीय रोग निवारण एवं नियंत्रण केंद्र के एक अधिकारी ने जहाज पर जाकर यात्रियों का मूल्यांकन किया था। मंत्रालय ने कहा कि एक परीक्षण में परिणाम ‘कमजोर पॉजिटिव’ माना गया, हालांकि स्पेनिश अधिकारियों के अनुसार वह निर्णायक नहीं था। दूसरे परीक्षण में रिपोर्ट निगेटिव आयी।स्पेन के अधिकारियों ने कहा कि संबंधित यात्री में केप वर्डे में रहने के दौरान कोई लक्षण नहीं थे, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों ने एहतियातन उसे पॉजिटिव मानते हुए विशेष निगरानी में रखने का निर्णय लिया। दूसरे यात्री को छह मई को हल्की खांसी हुई थी, जो उसी दिन ठीक हो गयी थी। सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार सीडीसी के अधिकारी यात्रियों के टेनेरिफ से उतरने के बाद से लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।

