ब्रुसेल्स, 11 मई (वार्ता) यूरोपीय संघ (ईयू) की कमिश्नर फॉर इनलार्जमेंट मार्टा कोस ने सोमवार को कहा कि अगले सप्ताह संघ यूक्रेन को 90 अरब यूरो (105.7 अरब अमेरिकी डॉलर) के कर्ज पैकेज की पहली किस्त जारी करेगा। सुश्री कोस ने कहा, “हम सही रास्ते पर हैं और मुझे उम्मीद है कि अगले सप्ताह हम पहली किस्त जारी कर पाएंगे।” ईयू के सदस्य देशों ने 23 अप्रैल को यूक्रेन के लिए 90 अरब यूरो के कर्ज पैकेज को औपचारिक रूप से मंजूरी दी थी।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने पहले कहा था कि यूक्रेन को इस कर्ज को तभी चुकाना होगा, जब उसे रूस से हर्जाने की रकम मिलेगी। गौरतलब है कि यूक्रेन को कर्ज देने की मंजूरी तब मिली जब हंगरी और स्लोवाकिया ने अपनी आपत्तियां वापस ले लीं। यह तब हुआ जब यूक्रेन ने क्षतिग्रस्त द्रुजबा पाइपलाइन की मरम्मत के बाद तेल की आपूर्ति फिर से शुरू कर दी। ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने सोशल मीडिया पर लिखा, “गतिरोध खत्म हो गया है। रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है, जबकि यूक्रेन को एक बड़ा सहारा मिल रहा है।”

