जबलपुर: माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में अवैध रूप से हरे-भरे पेड़ों को काटने और लकडिय़ां चोरी करने का मामला सामने आया है। संस्थान के प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने नगर निगम के पंजीकृत वेंडर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक प्राचार्य अर्पित शुक्ला द्वारा ने शिकायत दर्ज कराई कि कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त के मौखिक आदेश पर आईटीआई परिसर के सौंदर्गीकरण, वृक्षारोपण और अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था। इस कार्य के तहत पेड़ों की केवल छंटाई की जिम्मेदारी प्रशिक्षण अधिकारी सौरभ पोद्दार को सौंपी गई थी। पोद्दार ने यह कार्य नगर निगम के पंजीकृत वेंडर मोहम्मद अदनान को दिया था।
बिना अनुमति काट दिए 10 प्राचीन वृक्ष
शिकायत में बताया गया कि कुछ दिनों पूर्व जब प्राचार्य ने परिसर का निरीक्षण किया, तो वहां लगे प्राचीन और हरे-भरे कदम, इमली, बेर और शीशम के लगभग 8 से 10 वृक्ष गायब मिले। पूछने पर पता चला कि वेंडर मोहम्मद अदनान ने छंटाई के नाम पर पूरे के पूरे पेड़ ही जमीन से काट दिए।
चोरी-छिपे लकडिय़ां परिसर के बाहर ले गया
प्राचार्य के मुताबिक वेंडर ने संस्था की अनुमति के बिना कीमती पेड़ों को काटा और चोरी-छिपे उनकी लकडिय़ां परिसर से बाहर ले गया। पुलिस ने वेंडर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि काटी गई लकडिय़ां कहां खपाई गई हैं और इसमें और किसी और की भी तो मिलीभगत नहीं है।
