मॉस्को/कीव, 15 मई (वार्ता) रूस और यूक्रेन ने शुक्रवार को कैदियों की अदला-बदली की जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के 205-205 युद्धबंदियों को रिहा किया है।रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यूक्रेन से 205 रूसी सैनिकों को वापस लाया गया है, जबकि इसके बदले में यूक्रेनी सशस्त्र बलों के 205 जवानों को रिहा किया गया है। वापस लौटे रूसी सैनिक वर्तमान में बेलारूस में हैं, जहां उन्हें चिकित्सा और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके बाद उन्हें उपचार और पुनर्वास के लिए रूस के रक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित किया जाएगा।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने भी दोनों तरफ से 205-205 कैदियों की अदला-बदली की पुष्टि की है। श्री ज़ेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, “आज, 205 यूक्रेनी सैनिक और महिलाएं रूसी कैद से अपने घर लौट आए हैं। रिहा किए गए लोगों में यूक्रेन के सशस्त्र बल, नेशनल गार्ड और स्टेट बॉर्डर गार्ड सर्विस के सदस्य शामिल हैं। यह दोनों पक्षों के 1,000-1,000 व्यक्तियों को शामिल करने वाले एक बड़े कैदी अदला-बदली का पहला चरण है।”
इससे पहले 24 अप्रैल को भी कैदियों की अदला-बदली हुई थी, जिसके तहत प्रत्येक पक्ष से 193 कैदियों का आदान-प्रदान किया था।

