बगदाद, 15 मई (वार्ता) अली अल-जैदी ने इराक के नये प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है , हालांकि गृह और रक्षा जैसे प्रमुख पदों पर सांसदों के बीच आम सहमति नहीं बन पाने के कारण उन्होंने केवल आंशिक कैबिनेट के साथ शपथ ली है। आधिकारिक इराकी समाचार एजेंसी (आईएनए) के अनुसार, प्रधानमंत्री और संसदीय विश्वास हासिल करने वाले अन्य मंत्रियों ने भी गुरुवार को पद की संवैधानिक शपथ ली और औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। प्रधानमंत्री मीडिया कार्यालय ने कहा, “प्रतिनिधि परिषद ने प्रधानमंत्री अली फालेह अल-जैदी की सरकार और उनके बजटीय कार्यक्रम को विश्वास मत देने के लिए मतदान किया।” इराक में सरकार तब विश्वास मत जीतती है जब संसद उसके आधे से एक अधिक मंत्रालयों को मंजूरी दे देती है।
श्री अल-जैदी की सरकार में 23 मंत्री शामिल होने चाहिए, लेकिन इसकी रूपरेखा अभी भी अधूरी है क्योंकि प्रमुख राजनीतिक दल कई विभागों पर बातचीत कर रहे हैं। संसद ने सत्र के दौरान 14 मंत्रियों को मंजूरी दी, लेकिन गृह और रक्षा विभागों सहित कई शेष पदों पर आम सहमति बनाने में विफल रही। गौरतलब है कि बासिम मोहम्मद को देश का नया तेल मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि फुआद हुसैन को नयी सरकार में विदेश मंत्री के रूप में बरकरार रखा गया है। उल्लेखनीय है कि 40 वर्ष की आयु में इराक के सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने वाले श्री अल-जैदी को 27 अप्रैल को नयी सरकार बनाने के लिए चुना गया था, जब राष्ट्रपति निसार अमेदी ने उन्हें मनोनीत प्रधानमंत्री नामित किया और उन्हें सरकार बनाने का काम सौंपा।

