
दतिया। टाउन हॉल परिसर में एसडीओपी अनुभाग दतिया, आकांक्षा जैन द्वारा व्यापारी वर्ग के साथ जनसंवाद किया गया। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।व्यापारीगण द्वारा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शाम के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा यातायात संबंधी समस्याओं से अवगत कराया गया। एसडीओपी द्वारा आवश्यक सुझाव एवं समाधान बताए गए तथा आश्वस्त किया गया कि क्षेत्र में सतत एवं प्रभावी पेट्रोलिंग कराई जाएगी। जनसंवाद के दौरान क्षेत्र के ऐसे डार्क स्पॉट भी चिन्हित किए गए, जहाँ अवैध शराब, जुआ एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों संबंधी शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं। इन स्थानों पर योजनाबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई किए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में केवल समस्याओं पर चर्चा ही नहीं की गई, बल्कि उनके व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया। इस पहल से व्यापारी वर्ग एवं पुलिस प्रशासन के मध्य विश्वास एवं समन्वय में वृद्धि देखने को मिली।
