
नयी दिल्ली 20 जून (वार्ता) श्री शिवसुब्रमण्यम रमण ने शुक्रवार को पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री रमण को भारत सरकार द्वारा 8 अप्रैल, 2025 की अधिसूचना के तहत पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए या 65 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक या अगले आदेशों तक (जो भी पहले हो) के लिए नियुक्त किया गया है।
श्री रमन 1991 बैच के भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा सेवा (आईए एंड एएस) अधिकारी हैं। पीएफआरडीए में आने से पहले उन्होंने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के कार्यालय में उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी के रूप में कार्य किया। उन्होंने पहले भी नेतृत्व के कई पदों पर कार्य किया है, जिसमें भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (एसआईडीबीआई) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सेवा लिमिटेड (एनईसीएल) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी और झारखंड राज्य के प्रधान महालेखाकार शामिल हैं।
उन्होंने वर्ष 2006 से 2013 तक मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) और फिर भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) में कार्यकारी निदेशक के रूप में भी कार्य किया।
श्री रमन के पास अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री और दिल्ली विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री है। उनके पास कई पेशेवर और शैक्षणिक योग्यताएं भी हैं। इनमें लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से वित्तीय विनियमन में एमएससी, एलएलबी, इंडियन स्कूल ऑफ़ बिज़नेस से चीफ डिजिटल ऑफिसर सर्टिफिकेशन, इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंटरनल ऑडिटर्स (आईआईए), फ़्लोरिडा से प्रमाणित आंतरिक लेखा परीक्षक क्रेडेंशियल और सिक्योरिटीज़ लॉ में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा शामिल हैं।
