
ग्वालियर। इंटेक ग्वालियर चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी “विरासत” का शुभारंभ पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर द्वारा तानसेन कला वीथिका पड़ाव ग्वालियर पर किया गया। यह प्रदर्शनी मंगलवार तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
इस प्रदर्शनी में दुर्लभ एवं ऐतिहासिक सिक्कों और डाक टिकटों का अनूठा संग्रह प्रस्तुत किया गया है। दर्शक यहां सिक्कों, डाक टिकटों, सिंधिया वंश एवं मुगल वंश के ऐतिहासिक सिक्कों के साथ-साथ सौरमंडल और कोविड विषय पर जारी सभी डाक टिकटों का विशेष संग्रह देख सकते हैं। प्रदर्शनी का एक प्रमुख आकर्षण एक किलोग्राम चांदी का सिक्का भी है। युवा प्रतिभा मास्टर हितार्थ द्वारा प्रस्तुत पंचतंत्र और डायनासोर आधारित सिक्कों ने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। वहीं आराध्या महेश्वरी द्वारा लगाए गए स्मारक सिक्कों के विशेष संग्रह में 100 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक के दुर्लभ सिक्के प्रदर्शित किए गए हैं।
आधुनिक भारत के सिक्कों की यात्रा विषय पर चंद्रदीप सिंह द्वारा लगाए गए संग्रह में एक आना से लेकर वर्तमान 10 रुपये तक के सिक्कों का क्रमबद्ध प्रदर्शन किया गया है। इसके अतिरिक्त पवन वर्मा एवं संतोष सोनी के अनोखे संग्रह भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शनी में कोटा (राजस्थान) से भी संग्रहकर्ता एवं दर्शक शामिल हुए हैं। यह प्रदर्शनी सोमवार एवं मंगलवार को प्रातः 11 से 6 बजे तक खुली रहेगी।
