दुबई, 14 मई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके खिलाड़ियों के लिए सऊदी अरब इस साल के आखिर में अपनी पहली फ्रैंचाइज लीग शुरु करेगा। अक्टूूबर में शुरु होने वाली इस ड्यून्स लीग टी-20 को सऊदी अरब क्रिकेट फेडरेशन (एसएसीएफ) ने मंज़ूरी दी है। रिपोर्ट के अनुसार लीग में ऐसे खिलाड़ी शामिल होंगे जिन्होंने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है लेकिन फ्रैंचाइज सर्किट पर सक्रिय हैं। छह टीमों वाली ड्यून्स टी-20 लीग अक्टूबर में जेद्दा के पास ताइफ में खेले जाने वाले मैचों के साथ शुरु करने की योजना है। इसे स्पोर्ट्स एशियन नेटवर्क और दो टैलेंट एजेंसियों: यूनिक स्पोर्ट्स ग्रुप, जिसके क्लाइंट्स में जोफ्रा आर्चर शामिल हैं, और प्रोलिथिक, जो अभिषेक शर्मा को मैनेज करते हैं, के साथ पार्टनरशिप में डेवलप किया गया है। प्रोलिथिक के युवराज सिंह लीग के एंबेसडर के तौर पर काम करेंगे। एसएसीएफ ने पिछले साल के आखिर में लीग के लिए शुरुआती प्लान की घोषणा की थी, और कहा था कि इसे सऊदी अरब को “ग्लोबल क्रिकेट मनचित्र पर लाने” और “सऊदी टैलेंट को डेवलप करने” के लिए डिजाइन किया गया था।
इस लीग में अधिक से अधिक चार ऐसे खिलाड़ी शामिल होने की उम्मीद है, जिन्होंने पिछले दो सालों में फुल-मेंबर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला हो, जिससे वे आईसीसी से मंज़ूरी की जरूरत वाली लिमिट के अंदर आ जाएंगे। इसका उच्चतम वेतन 100,000 डॉलर तक पहुंच सकता है। पिछले तीन सालों से ऐसी अफवाहें ज़ोरों पर हैं कि सऊदी अरब आईपीएल को टक्कर देने के लिए एक टी-20 लीग शुरू करके क्रिकेट में रुकावट डालेगा, और पिछले साल ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन द्वारा शुरू की गई टी-20 लीग के ग्रैंड स्लैम-स्टाइल सर्किट में संभावित निवेश के बारे में और अटकलें लगाई गईं।

